याहू की मोबाइल वेबसाइट का नया शृंगार …..
बीते कुछ महीनों मोबाइल इंटरनेट की दुनिया में काफ़ी तेज़ी से बदलाव आए हैं। यदि यह कहा जाए कि वर्ष 2008 में अब तक सर्वाधिक तेज़ी से मोबाइल इंटरनेट की दुनिया बदली है तो यह अतिश्योक्ति नहीं होगा। मोबाइल २.० इंटरफेस और झकास सी चीज़ों के साथ नई सेवाएँ दाएँ बाएँ से तो निकली ही हैं, पुरानी वेब सेवाएँ भी अपनी लंबी निद्रा से जागती हुई और अपने अड्डों की साफ़ सफ़ाई कर उनको चमकाने का निश्चय लिए दिखाई दी हैं। गूगल और माइक्रोसॉफ़्ट जैसे इंटरनेटिया दैत्यों को भी बढ़ते मोबाइल बाज़ार की सुगन्ध आ गई है, आखिरकार अब मोबाइल इंटरनेट का मामला पहले की भांति बड़े कॉर्पोरेट अधिकारियों और रईसों का शगल नहीं रहा, आम जनता यहाँ भी अपनी पैठ कर रही है।
याहू भी अभी तक सो रहा था, ऐसा ही प्रतीत होता है। यदि उसकी मौजूदा मोबाइल वेबसाइट को देखा जाए तो हो सकता है आपको घोर आश्चर्य हो बाबा आदम के ज़माने की बदसूरत सी वेबसाइट देख कर!!

लेकिन संकटों से घिरा ये दुखियारा दैत्य अब जाग गया है और मोबाइल स्पेस के मामले में सजग दिख रहा है। जहाँ एक ओर इसके इंजीनियर मोबाइल सॉफ़्टवेयर पैकेज याहू गो पर कार्य कर रहे हैं उधर अब ये लोग याहू की मोबाइल वेबसाइट को भी नए क्रांतिकारी शृंगार में लपेटने की तैयारी में हैं। क्रांतिकारी इसलिए कहा क्योंकि यदि आप बाजू में लगे इसकी मोबाइल वेबसाइट के बीटा वर्ज़न का स्क्रीनशॉट देखेंगे तो पाएँगे कि मौजूदा मोबाइल वेबसाइट के मुकाबले यह क्रांतिकारी साज सज्जा ही है!!
और यह सिर्फ़ मोबाइल वेबसाइट का मुख्य पन्ना ही है, या कहें कि मोबाइल वेबसाइट का मुख्य पन्ना कुछ ऐसा दिखेगा जब आप वहाँ लॉगिन करेंगे।
मोबाइल वेबसाइट के इस नए वर्ज़न में लगता है याहू वालों ने अपने सड़े हुए पोर्टल फीचर्स जैसे कि फ्री डाऊनलोड्स, बॉलीवुड, आदि हटा दिए हैं और उनकी जगह मुख्यतः अपनी उन तीन सेवाओं पर ध्यान केन्द्रित किया है जो कि आम प्रयोक्ताओं के अधिक प्रयोग की हैं – ईमेल, मैसेन्जर और फ्लिकर फोटो शेयरिंग सेवा।
इनके साथ ही कुछ आम लेकिन उपयोगी विजेट उपलब्ध कराई हैं जैसे कि मौसम का हाल जो किसी भी पसंदीदा शहर के मौसम का हाल बताएगा, ताज़ा खबरें, वित्तीय बाज़ार संबन्धी समाचार और खेल समाचार। इन सबके साथ याहू वन सर्च की भी सुविधा उपलब्ध है।

तो पहले याहू की सर्वाधिक लोकप्रिय सेवा, याहू ईमेल पर नज़र डालते हैं। ईमेल इनबॉक्स काफ़ी साफ़-सुथरा, हल्का और आसान है जिसमें कोई अनावश्यक की चीज़ नहीं है। यहाँ इनबॉक्स में मौजूद ईमेलों की एक अपूर्ण सूचि दिखती है और नीचे जाने पर आगे की सूचि देखने का विकल्प उपलब्ध है या फिर किसी अन्य फोल्डर में मौजूद ईमेल भी देखी जा सकती है।
ईमेल खोलने पर मोबाइल के लिए उपयुक्त साधारण टेकस्ट फॉर्मेट में संदेश खुलता है और तुरंत खुलता है। चूंकि इस इंटरफेस में एक ही कॉलम है इसलिए ईमेल के विकल्प संदेश के नीचे उपलब्ध होते हैं जहाँ ईमेल संबन्धी विकल्प उपलब्ध हैं जिनमें ईमेल मिटाना अथवा ईमेल का उत्तर देना या ईमेल को किसी अन्य फोल्डर में डालना आदि हैं।





ईमेल लिखने का पन्ना काफ़ी साधारण है और जल्दी लोड होता है। यहाँ एक बात जो मुझे काबिल-ए-गौर लगी वह यह थी कि यदि आपके याहू ईमेल को आपने एक से अधिक ईमेल पतों से संदेश भेजने के लिए सैट किया हुआ है तो इस पन्ने पर भेजने वाले पते को चुनने के लिए एक सूचि मिल जाती है जिसमें सैट किए सभी पते उपलब्ध होते हैं। यही सुविधा गूगल की जीमेल में तो है लेकिन भेजने वाले ईमेल पते को उसके आम प्रयोग वाले वेब इंटरफेस में ही चुना जा सकता है, जीमेल की मोबाइल वेबसाइट और जीमेल के मोबाइल सॉफ़्टवेयर में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है और वहाँ से आप अपने जीमेल पते से ही ईमेल भेज सकते हैं!! यह अजीब अवश्य लगा लेकिन आश्चर्यजनक नहीं लगा, हो सकता है जीमेल की मोबाइल वेबसाइट और सॉफ़्टवेयर में यह सुविधा भविष्य में आ जाए।
अब यदि फ्लिकर की बात की जाए तो वैसे तो फ्लिकर की अपनी मोबाइल वेबसाइट है जिसकी साज-सज्जा सुधारने में वे लगे हुए हैं लेकिन याहू की मोबाइल वेबसाइट के इस नए वर्ज़न में भी फ्लिकर जोड़ दिया गया है। फ्लिकर का पन्ना यहाँ उसके प्ररूपी अभिवादन संदेश के साथ खुलता है जो कि विश्व की अनेक भाषाओं में से एक में होता है। उसके नीचे अन्य विकल्प उपलब्ध होते हैं जैसे कि परिचितों द्वारा अपलोड किए नए फोटो देखना या फ्लिकर पर अपलोड किए गए कुछ चुनिन्दा फोटो देखना या फिर अपने खाते में अपलोड की तस्वीरों पर हालिया हलचल देखना। याहू वन सर्च को यहाँ फ्लिकर से जोड़ दिया गया है ताकि उसका प्रयोग फ्लिकर पर मौजूद तस्वीरों को खोजने के लिए किया जा सके।
याहू की इस नई मोबाइल वेबसाइट में अभी मैसेन्जर को नया रूप नहीं दिया है और खोलने पर मौजूदा मैसेन्जर इंटरफेस ही खुलता है परन्तु आशा है कि इस नई मोबाइल वेबसाइट को लांच करने से पहले उसकी साज-सज्जा भी ठीक कर दी जाएगी। लेकिन बाकी मोबाइल वेबसाइट की ही भांति मैसेन्जर में भी साज-सज्जा के अतिरिक्त कोई अन्य बदलाव आने की आशा नहीं है और कदाचित् वह साधारण एचटीएमएल वाला मैसेन्जर ही रहेगा क्योंकि अभी फिलहाल मोबाइल ब्राऊज़रों में किसी अन्य चीज़ को चलाना दुष्कर कार्य है।
हालांकि याहू की आने वाली यह नई मोबाइल वेबसाइट देखने में काफ़ी साधारण है लेकिन प्रयोग करने में बहुत आसान है और हल्के होने के कारण कम समय में खुलती है और साथ ही मौजूदा वेबसाइट की भांति बाबा आदम के ज़माने के नहीं लगती। अभी यह वेबसाइट बीटा में है और आप इसको यहाँ देख सकते हैं।
in इंटरनेटिया घुमक्कड़
Tagged with: ईमेल • फ्लिकर • मैसेन्जर • मोबाइल • याहू
Please leave a Comment
If you would like to make a comment, please fill out the form below.