एचटीसी टच एचडी…..

कुछ सप्ताह पूर्व अपने अन्य फोन मॉडलों के साथ एचटीसी ने एक और फोन की घोषणा की थी, वह फोन जिसका नाम उन्होंने रखा है एचटीसी टच एचडी (HTC Touch HD)। इस फोन के तकनीकी विवरण से यह पता चलता है कि एचटीसी के इस फोन का दिल होगा कुआलकॉम का 528 मेगाहर्ट्ज़ का एमएसएम 7201ए प्रोसेसर जिसमें 512 मेगाबाइट की रॉम (ROM) और 288 मेगाबाइट की रैम (RAM) मेमोरी होगी। इस फोन में 3.8 इंच की टीएफ़टी-एलसीडी (TFT-LCD) टचस्क्रीन लगी होगी जिसका 480 x 800 पिक्सल का डब्लूवीजीए (WVGA) रिज़ोल्यूशन होगा। यह फोन माइक्रोसॉफ़्ट विन्डोज़ मोबाइल 6.1 पर चलेगा जिसके साथ होगा एचटीसी का अब प्रसिद्ध हो चुका टच फ्लो 3डी (Touch Flo 3D) इंटरफेस।
घोषणा के बाद से ही इस फोन ने लोगों में काफ़ी रुचि उत्पन्न कर दी है। इसकी जितनी भी तस्वीरें और वीडियो आदि अभी तक उभर कर आए हैं उन सब के अनुसार तो यह एक बहुत ही जबरदस्त फोन लग रहा है जो कि लोगों की इतनी रुचि का हकदार भी है और उन बेकार फोन मॉडलों की भांति नहीं है जो कि खामखा की फूँक से फूले हुए हैं और जिनको उनकी औकात से अधिक आँका जा रहा है।
लेकिन अभी तक एचटीसी टच एचडी के जितने भी वीडियो आए हैं उनमें से कोई भी अंग्रेज़ी में नहीं आया है(हिन्दी में आने की तो बात ही छोड़ दीजिए)। सबसे पहले पूर्व-समीक्षा वाला जो वीडियो आया था वह फ्रेन्च में था जिसमें एचटीसी टच एचडी को एप्पल आईफोन के साथ मिलाकर देखा गया था कि किसमें कितना दम है और जिसमें साफ़ दिख गया था कि एचटीसी टच एचडी बड़े आराम से आईफोन को पछाड़ रहा है (जो कि वैसे भी कोई कठिन कार्य नहीं है)। इसके बाद तकरीबन आधे घंटे का एक वीडियो जर्मन भाषा में आया था जिसमें एचटीसी टच एचडी की खूबियों को दिखाया गया था। लेकिन अब एक जर्मन वेबसाइट एरिया मोबाइल ने अपनी पूर्व समीक्षा के वीडियो में अंग्रेज़ी के उपशीर्षक (subtitles) लगा के उसको रिलीज़ किया है, तो इसका लाभ यह है कि जो फ्रेन्च और जर्मन भाषाएँ नहीं जानते हैं लेकिन अंग्रेज़ी जानते हैं वे एचटीसी टच एचडी के बारे में और अधिक जान सकते हैं।
अंग्रेज़ी उपशीर्षकों के साथ जर्मन वीडियो निम्न है। उपशीर्षक देखने के लिए वीडियो प्लेयर में नीचे लगी कंट्रोल पट्टी की दायीं ओर लगे त्रिकोण पर क्लिक करें।
और अभी जिस फ्रेन्च वीडियो के बारे में मैंने बताया जिसमे सबसे पहले एचटीसी टच एचडी नज़र आया था, उसका अंग्रेज़ी में डब किया गया वीडियो यूट्यूब पर मिल गया है। निम्न वीडियो में एचटीसी टच एचडी के साथ एप्पल आईफोन को दिखाया गया है और यह साफ़ दिख रहा है कि एचटीसी टच एचडी की स्क्रीन और उसके रंग एप्पल आईफोन की स्क्रीन से ऊँचे दर्ज़े के हैं।
अब नवंबर की प्रतीक्षा बहुत लंबी लग रही है क्योंकि नवंबर के अंत में ही एचटीसी इस झकास फोन को योरोप और एशिया के बाज़ार में उतारेगी।
in मनलुभावन गैजेट
Tagged with: आईफोन • एचटीसी • एचटीसी टच एचडी • एप्पल • पूर्व समीक्षा • माइक्रोसॉफ़्ट • मोबाइल फोन • विन्डोज़ मोबाइल • वीडियो
1 Comment so far
Please leave a Comment
If you would like to make a comment, please fill out the form below.
[...] (Touch Diamond) और अभी ताज़ा-२ रिलीज़ हुए फोन टच एचडी (Touch HD) में उन्होंने टचफ्लो इंटरफेस का [...]